मुरादाबाद। उत्कर्ष चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.), मुरादाबाद द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं सेवा के उद्देश्य से स्थापित किए जा रहे “श्री हनुमंत वृद्ध सेवा धाम” के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास 22 जून 2026 (सोमवार) को लाडलाबाद स्थित प्रकटेश्वर शिव मंदिर (कांठ) के निकट श्रद्धा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ।इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि यह सेवा धाम समाज के उन वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्ण जीवन, सुरक्षा, स्नेह और आत्मीय देखभाल प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है, जिन्हें जीवन के अंतिम पड़ाव में सहारे और अपनत्व की आवश्यकता होती है।इस महत्वाकांक्षी जनसेवा परियोजना के लिए आवश्यक भूमि समाजसेवी श्री सत्येंद्र कुमार चौहान द्वारा निःस्वार्थ भाव से दान स्वरूप समर्पित की गई है। ट्रस्ट ने उनके इस योगदान को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि उनका यह सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।भूमि पूजन एवं शिलान्यास का शुभ कार्य आचार्य विजय श्री जी महाराज के पावन कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया। उनके सान्निध्य एवं आशीर्वाद से कार्यक्रम आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने इसे समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पूज्य आचार्य श्री के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से “श्री हनुमंत वृद्ध सेवा धाम” भविष्य में हजारों वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मानपूर्ण जीवन, सुरक्षा, सेवा और आत्मीयता का केंद्र बनेगा।कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की ओर से समाज के सभी नागरिकों से इस पुनीत सेवा अभियान में तन, मन और धन से सहयोग करने का आह्वान किया गया, ताकि सेवा, संस्कार और मानवता की इस अलौकिक ज्योति को और अधिक प्रज्वलित किया जा सके।जय श्री राम।







